ssnews गरीब परिवार के छात्र सतीश कोसले ने 118 तत्वों की आवर्त सारणी याद कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव,,,
गरीब परिवार के छात्र सतीश कोसले ने 118 तत्वों की आवर्त सारणी याद कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
स्वराज संदेश मस्तूरी । सेंट पॉल कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बकरकूदा के छात्र सतीश कोसले, ग्राम कुंवा (बोड़सरा) निवासी, ने आवर्त सारणी के सभी 118 तत्वों को क्रमवार याद कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। आर्थिक रूप से अत्यंत साधारण एवं गरीब परिवार से होने के बावजूद सतीश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
विद्यार्थियों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय में ज्वाला बंजारे द्वारा घोषणा की गई थी कि जो छात्र आवर्त सारणी के सभी 118 तत्वों को याद कर सुनाएगा, उसे ₹1000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सतीश कोसले ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए अथक परिश्रम और समर्पण के साथ पूरी आवर्त सारणी याद की तथा सफलतापूर्वक प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया।
ज्वाला बंजारे ने सतीश को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही आगे चलकर बड़ी सफलताएं प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि सतीश की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
विद्यालय के प्राचार्य राम गुलाब राय ने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि सतीश ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि सफलता संसाधनों से नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से प्राप्त होती है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उप प्राचार्य अरविंद भारती, शिक्षक संजीव सोनवानी, धर्मेंद्र जांगड़े, धनपत कांत, दीपांशु शुक्ला, निखिल रात्रे तथा शिक्षिकाएं नम्रता चंदेल, वर्षा टंडन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने छात्र सतीश कोसले को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Previous article
Next article

Leave Comments
Post a Comment