ssnews टीसी लेने मां के साथ गई मासूम घर नहीं लौट सकी, सड़क हादसे में दर्दनाक मौत,,,
टीसी लेने मां के साथ गई मासूम घर नहीं लौट सकी, सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
आरोही के परिजन मुआवजा के लिए कर रहे मांग शासन से।
मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा की एक मासूम बच्ची की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपनी मां के साथ स्कूल से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेने गई बच्ची घर लौटने से पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोहतरा निवासी पृथ्वीराज बंजारे, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, इन दिनों काम के सिलसिले में चिरमिरी गए हुए हैं। घर पर उनकी पत्नी और तीन बेटियां थीं। सबसे छोटी बेटी आरोही बंजारे, जो पहले मोहतरा स्थित टू शेफर्ड स्कूल में कक्षा पहली की छात्रा थी, इस वर्ष गांव के स्कूल में कक्षा दूसरी में प्रवेश लेना चाहती थी। इसके लिए बच्ची कई बार आत्मानंद स्कूल मस्तूरी टीसी लेने गई थीं।
पर नहीं मिला टीसी बताया जा रहा है। उसके बाद फिर सोमवार को आरोही अपनी मां के साथ आत्मानंद स्कूल मस्तूरी टीसी लेने पहुंची थी। स्कूल का कार्य पूरा होने के बाद दोनों ऑटो से घर लौटने के लिए निकले। रास्ते में बच्ची ने एक दुकान से खाने का सामान लिया और सड़क पार करने लगी। इसी दौरान लगभग दोपहर 3:10 बजे मस्तूरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची करीब 15 से 20 फीट दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक जो गुलाबी रंग का कपड़ा पहना हुआ वो मौके से जयरामनगर की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद उसकी मां ने खून से लथपथ बेटी को गोद में उठाकर बिलखती रही। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को तत्काल मस्तूरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन उसके पहले परिजन उसे मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों को विश्वास नहीं हुआ, इसलिए वे उसे बिलासपुर के स्वास्तिक अस्पताल भी लेकर गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश की जा रही है।
मासूम आरोही की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
Previous article
Next article

Leave Comments
Post a Comment