ssnews मल्हार में भव्य रूप से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, पारंपरिक वेशभूषा में निकली शोभायात्रा,,,
मल्हार में भव्य रूप से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, पारंपरिक वेशभूषा में निकली शोभायात्रा
मल्हार। नगर पंचायत मल्हार में पहली बार विश्व आदिवासी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर आदिवासी समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह की शुरुआत भगवान बुढ़ादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद आदिवासी समाज के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, मांदर और पारंपरिक साज-सज्जा के साथ नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में सर्व आदिवासी समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के लोगों ने अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। मांदर की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से पूरा नगर आदिवासी गौरव और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया। रैली के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी पैदल चलकर समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बुढ़ादेव के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल मैना समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम राजभानू ने की।
इस अवसर पर अजित राजभानू, श्रीमती गजमति भानू, रमेशचंद्र श्याम, नगर पंचायत मल्हार अध्यक्ष श्रीमती धनेश्वरी धनेश्वर कैवर्त, जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे एवं जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि मल्हार में पहली बार आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की गौरवशाली परंपराओं, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा आदिवासी समाज की पहचान को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी समृद्ध विरासत का प्रदर्शन किया। भव्य आयोजन से पूरे मल्हार में आदिवासी संस्कृति और एकता का संदेश देखने को मिला।
Previous article
Next article

Leave Comments
Post a Comment