ssnews तहसील कार्यालय मस्तूरी की अव्यवस्थाओं को लेकर अधिवक्ताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,,,

तहसील कार्यालय मस्तूरी की अव्यवस्थाओं को लेकर अधिवक्ताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

स्वराज संदेश मस्तूरी बिलासपुर। तहसील अधिवक्ता संघ मस्तूरी (पचपेड़ी) ने तहसील कार्यालय मस्तूरी में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं एवं अनियमितताओं को लेकर जिला कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि तहसील कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं पक्षकारों के बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई बार मांग करने के बावजूद प्रशासन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे आम नागरिकों और अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ता संघ ने यह भी कहा है कि तहसील कार्यालय में प्रकरणों की सुनवाई के लिए कोई निर्धारित समय नहीं है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मनमाने तरीके से सुनवाई किए जाने से पक्षकारों और अधिवक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ता है। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यवहार को भी उपेक्षापूर्ण बताया गया है।
ज्ञापन में कुछ दलालों के प्रभाव में कार्य किए जाने तथा अधिकृत अधिवक्ताओं की उपेक्षा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। संघ का कहना है कि अनाधिकृत व्यक्तियों के माध्यम से प्रकरण प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा न्यायालय परिसर में आवारा मवेशियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था की कमी तथा अधिवक्ताओं के फर्नीचर एवं अन्य सामान की चोरी की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई है। अधिवक्ताओं ने परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
तहसील अधिवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो अधिवक्ता न्यायालय के बहिष्कार अथवा अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसे कदम उठाने पर विचार कर सकते हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में व्याप्त समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
Previous article
This Is The Newest Post
Next article

Leave Comments

Post a Comment

Ads Post 1

Ads Post 2

Ads Post 3

Ads Post 4

DEMOS BUY