ssnews जनपद सदस्य की पहल से स्कूल में लौटी शैक्षणिक रौनक,कक्षा में उतरे जनप्रतिनिधि, बच्चों को पढ़ा रहे भौतिक विज्ञान,,,
जनपद सदस्य की पहल से स्कूल में लौटी शैक्षणिक रौनक,कक्षा में उतरे जनप्रतिनिधि,
बच्चों को पढ़ा रहे भौतिक विज्ञान
बूढ़ीखार स्कूल में शिक्षक की कमी के बीच ज्वाला बंजारे ने संभाली जिम्मेदारी, विद्यार्थियों को मिल रहा नि:शुल्क मार्गदर्शन
स्वराज संदेश मस्तूरी। जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज की आवश्यकताओं के समय आगे बढ़कर समाधान प्रस्तुत करना भी उसकी जिम्मेदारी होती है। इसी सेवा भावना का परिचय देते हुए क्षेत्र क्रमांक 17 के जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढ़ीखार में विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) का नि:शुल्क अध्यापन करा रहे हैं।
विद्यालय में फिजिक्स विषय के शिक्षक की कमी को देखते हुए उन्होंने स्वयं कक्षा की जिम्मेदारी संभाली है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन कर रहे हैं और कठिन विषयों को सरल तरीके से समझ रहे हैं।
ज्वाला बंजारे का शिक्षा से पुराना जुड़ाव रहा है। लगभग 18 वर्षों से वे विभिन्न विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते आ रहे हैं। शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का ही परिणाम है कि आज जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे कक्षा में शिक्षक की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि "मेरा सपना है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा केवल संसाधनों या शिक्षक की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का भविष्य बदल सकती है।"
विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उनकी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित कक्षाएं मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा है और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जहां आज अधिकांश लोग समस्याओं की चर्चा करते हैं, वहीं ज्वाला बंजारे समाधान बनकर सामने आए हैं। जनप्रतिनिधि होकर भी शिक्षक की भूमिका निभाना उनकी शिक्षा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Previous article
Next article

Leave Comments
Post a Comment