ssnews मस्तूरी जनपद पंचायत हुआ पानी-पानी, पुराने भवन होने पर बारिश का पानी भरने से कर्मचारी परेशान,,

मस्तूरी जनपद पंचायत हुआ पानी-पानी, पुराने भवन होने पर बारिश का पानी भरने से कर्मचारी परेशान


स्वराज संदेश मस्तूरी। बारिश होते ही मस्तूरी जनपद पंचायत कार्यालय की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आ गई है। पुराने भवन में बारिश का पानी भर जाने से कार्यालय परिसर और अंदर के हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। पानी भरने के कारण कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत का भवन काफी पुराना हो चुका है। बारिश के मौसम में हर साल पानी भरने की समस्या सामने आती है। कार्यालय में आने वाले ग्रामीणों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी जलभराव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं जरूरी दस्तावेजों और कार्यालयीन सामान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
हर साल नए भवन की घोषणा, लेकिन धरातल पर नहीं दिखा निर्माण
मस्तूरी जनपद पंचायत के लिए नए भवन की घोषणा हर साल की जाती है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से नए भवन को लेकर बातें और आश्वासन सामने आते रहे हैं, लेकिन आज तक नया भवन धरातल पर दिखाई नहीं दिया है। नतीजतन पुराने भवन में ही जनपद पंचायत का कामकाज संचालित किया जा रहा है।

बारिश के दौरान जब कार्यालय पानी-पानी हो जाता है तो पुराने भवन की हालत साफ नजर आने लगती है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि नए भवन का निर्माण समय पर हो जाता तो ऐसी स्थिति से राहत मिल सकती थी।

घोषणाओं से आगे कब बढ़ेगा मामला?

जनपद पंचायत क्षेत्र में ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन इसी कार्यालय से होता है। ऐसे में कार्यालय भवन की बदहाल स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है। हर साल नए भवन की घोषणा होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना समझ के परे है।

अब देखना होगा कि नए भवन की घोषणा कब धरातल पर उतरती है और मस्तूरी जनपद पंचायत को पुराने एवं जर्जर भवन से कब निजात मिलती है। जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नए भवन का निर्माण कराने तथा फिलहाल जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

उच्च अधिकारी बिलासपुर के एसी भवन में बैठकर मजे ले रहे ओर जनपद पंचायत पानी पानी दिख रहा है ।
Previous article
Next article

Leave Comments

Post a Comment

Ads Post 1

Ads Post 2

Ads Post 3

Ads Post 4

DEMOS BUY